रायगढ़ 3 फरवरी 2020 | लोकतंत्र के आधार को सशक्त करने के लिए आज त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण में लैलूंगा, खरसिया एवं पुसौर बड़ी संख्या में बुजुर्गो, महिलाओं, युवाओं एवं सभी नागरिकों ने मतदान किया। जिले के लैलूंगा, खरसिया एवं पुसौर में बड़ी संख्या में लोगों ने कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खरसिया, लैलूंगा एवं पुसौर में अपरान्ह 3 बजे तक मतदान का कुल प्रतिशत 75.38 रहा। जिनमें खरसिया में मतदान का कुल प्रतिशत 77.75 रहा। जिसमें पुरूष की सहभागिता 76.58 प्रतिशत एवं महिलाओं की सहभागिता 78.88 रही। वहीं लैलूंगा में मतदान का प्रतिशत 75.2 रहा। जिनमें पुरूष 74.77 एवं महिला 75.63 रहा। पुसौर में मतदान का प्रतिशत 73.25 रहा। जिसमें पुरूष 72.92 एवं महिला 73.58 रहा।
पुसौर के लारा मतदान केन्द्र 169 में 85 वर्षीय वृद्धा सुरजा बाई यादव ने मतदान किया। इस उम्र में भी मतदान करने का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था। पुसौर के बड़े हरदी मतदान केन्द्र क्रमांक 86 में 72 वर्षीय बुजुर्ग श्री विपिन सिदार व्हीलचेयर एवं लाठी का सहारा लेकर मतदान करने पहुंचे और अपना दायित्व निभाया। पुसौर के ग्राम-कठानी में 25 वर्षीय अनुपमा गुप्ता ने मतदान किया और सेल्फी ली। उन्होंने कहा कि मतदान कर हम गांव को और देश को मजबूत बनायेंगे।